भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में 7 से 12 अप्रैल तक व्यापक स्तर पर ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ चलाने जा रही है। इस अभियान के तहत सांसद, विधायक, महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी सीधे गांवों और बस्तियों में जाकर जनसंपर्क करेंगे। उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की पकड़ को और मजबूत करना है।
स्थापना दिवस को लेकर वर्चुअल बैठक
6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शनिवार को एक वर्चुअल बैठक हुई।
विधानसभावार 50 गांवों का चयन
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 बड़े गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में नेता केवल सभाएं नहीं करेंगे, बल्कि पार्टी की नींव रखने वाले पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनका सम्मान भी करेंगे।
लाभार्थियों से सीधा संवाद
पार्टी ने निर्देश दिए हैं कि कार्यकर्ता केवल भाषण तक सीमित न रहें। वे सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मिलें, उनके अनुभव जानें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें। गांवों में सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नेता स्वयं श्रमदान करेंगे।
प्रदेश और जिला स्तर पर विशेष टीमें
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश स्तर पर विशेष ‘प्रदेश टोली’ बनाई गई है। राज्यमंत्री को इस अभियान का विशेष प्रभार और सह-संयोजक बनाया गया है। जिला स्तर पर 4 सदस्यीय समितियां गठित होंगी, जिनमें एक संयोजक और तीन सह-संयोजक होंगे। इनमें एक महिला सदस्य का होना अनिवार्य किया गया है।