दक्षिण-पश्चिम मानसून एक सप्ताह से मुंबई के आसपास ही स्थिर बना हुआ है। हवाओं के साथ कुछ नमी आने से प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो रही है। हालांकि अब दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है।
शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। उधर, शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रायसेन में छह, इंदौर में दो मिलीमीटर वर्षा हुई। सबसे अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना में रिकार्ड किया गया।
वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, बालुरघाट से होकर ही गुजर रही है। एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान एवं उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है।
अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश
उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र से कर्नाटक, तेलंगाना से होते हुए तटीय आंध्र प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। हवाओं के साथ कुछ नमी आने के कारण अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश हो रही है।
13 जून के बाद बढ़ सकती है मानसूनी हलचल
हालांकि अब तीन-चार दिन तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस वजह से वातावरण में उमस भी बढ़ेगी। अरब सागर अथवा बंगाल की खाड़ी में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के मौजूद नहीं होने से मानसून आगे नहीं बढ़ रहा है। 13 जून के बाद मानसूनी हलचल फिर बढ़ने का अनुमान है।
Comments (0)