छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य जिलों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर जारी है। अंबिकापुर 4.3 डिग्री के साथ सबसे ठंडा जिला रहा।
छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य जिलों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
अंबिकापुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मैदानी इलाकों में राजनांदगांव सबसे ठंडा रहा, जहां रात का तापमान 8.5 डिग्री तक गिर गया। दूसरी ओर दुर्ग में दिन का तापमान सबसे अधिक 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर और बिलासपुर में अगले तीन दिन तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है।
अगले दो दिन राहत नहीं, फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर की चेतावनी तब भी प्रभावी रहेगी।
रायपुर में हल्की धुंध, सतर्क रहने की सलाह
राजधानी रायपुर में 29 दिसंबर की सुबह शहर के बाहरी हिस्सों में हल्की धुंध देखी गई। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शीतलहर के मद्देनजर मौसम विभाग ने छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों का उपयोग अनिवार्य बताया गया है।
Comments (0)