भोपाल।भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठकें होने जा रही हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मध्यप्रदेश दौरे से पहले भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव मध्य प्रदेश पहुंचेंगे। दायित्व मिलने के बाद उनका यह पहला मध्यप्रदेश दौरा होगा।
बिप्लब कुमार देव के साथ सह प्रभारी रेखा वर्मा और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी भी भोपाल आएंगे। तीनों पदाधिकारी 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठकें करेंगे।
प्रदेश पदाधिकारियों के साथ होगी बैठक
भोपाल में होने वाली बैठकों के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारी पार्टी संगठन के कामकाज की जानकारी लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भी चर्चा होगी। बैठकों में संगठन के मौजूदा कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति को लेकर भी मंथन किया जाएगा। दायित्व मिलने के बाद बिप्लब देव, रेखा वर्मा और चंद्रशेखर तिवारी का यह मध्यप्रदेश में पहला आगमन होगा।
अमित शाह 3 अक्टूबर को आएंगे भोपाल
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल पहुंचेंगे। वे शासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही उनके भाजपा संगठन की बैठक में भी शामिल होने की संभावना बताई गई है।
शाह के दौरे से पहले नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और अन्य संगठन पदाधिकारियों की बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान प्रदेश पदाधिकारियों से परिचयात्मक चर्चा के साथ संगठन के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
संगठनात्मक तैयारियों पर रहेगा फोकस
30 सितंबर और 1 अक्टूबर को होने वाली बैठकों में प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद 3 अक्टूबर को अमित शाह के भोपाल दौरे का कार्यक्रम है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में प्रदेश भाजपा संगठन के स्तर पर गतिविधियां तेज रहेंगी।