छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी सरकारी विभागों में सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के नए मापदंड जारी किए हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में होने वाली सभी सीधी भर्तियां इन्हीं नए मापदंडों के आधार पर की जाएंगी।
राज्य सरकार ने सभी सरकारी विभागों और कार्यालयों में सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के नए मापदंड जारी कर दिए हैं। नए निर्देशों के अनुसार, अब शीघ्रलेखक, डाटा एंट्री ऑपरेटर समेत पांच प्रमुख पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना अनिवार्य होगा। इससे पहले की योग्यता में बदलाव करते हुए यह निर्णय लिया गया है।
चतुर्थ श्रेणी की भर्ती के नियमों में बदलाव
सिर्फ क्लर्क स्तर ही नहीं, बल्कि चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती के नियमों में भी बदलाव किया गया है। ड्राइवर, चपरासी और चौकीदार के पदों के लिए न्यूनतम योग्यता अब आठवीं पास होगी। ध्यान दें कि पहले ड्राइवर के पद पर भर्ती के लिए पांचवीं पास उम्मीदवार भी पात्र माने जाते थे, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।
पदानुसार तकनीकी योग्यता निर्धारित
सामान्य 12वीं पास योग्यता के अलावा, विशिष्ट पदों के लिए तकनीकी दक्षता (स्किल) के भी कड़े नियम तय किए गए हैं, जो इस प्रकार हैं:
शीघ्रलेखक:
12वीं पास होना अनिवार्य।
मान्यता प्राप्त मंडल या संस्था से हिंदी/अंग्रेजी शीघ्रलेखन परीक्षा उत्तीर्ण।
शीघ्रलेखन की गति कम से कम 100 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए।
डाटा एंट्री/कंप्यूटर ऑपरेटर
12वीं पास के साथ मान्यता प्राप्त संस्था से डाटा एंट्री ऑपरेटर/प्रोग्रामिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा।
हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग में 8,000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा की गति अनिवार्य।
गति परीक्षण के लिए कौशल परीक्षा आयोजित की जाएगी।
स्टेनो टाइपिस्ट
12वीं पास और हिंदी शीघ्रलेखन में 60 शब्द प्रति मिनट की गति।
डाटा एंट्री/प्रोग्रामिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा आवश्यक।
गति के लिए कौशल परीक्षा ली जाएगी।
सहायक ग्रेड-3
12वीं पास के साथ डाटा एंट्री/प्रोग्रामिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा।
कंप्यूटर पर हिंदी टाइपिंग में 5,000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा की गति।
कौशल परीक्षा के माध्यम से दक्षता का मूल्यांकन होगा।
Comments (0)