मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां एक बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
टक्कर के बाद पलटी बस, मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक यह हादसा सेमरिया हनुमान मंदिर, मोहखेड़ के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर, लंबा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। 20 से ज्यादा एंबुलेंस घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटी हैं। दुर्घटना के बाद सड़क पर करीब 4-5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों के इलाज में जुटी हुई है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।