छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर आज शाम हुए भीषण सड़क हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे हृदय विदारक घटना बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं संवेदनाएं प्रकट कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति मिले और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।
इलाज के लिए विशेष व्यवस्था
सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जबलपुर से डॉक्टरों की टीम को छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि घायलों को बेहतर इलाज मिल सके।
प्रभारी मंत्री को मौके पर भेजा
मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को अपने कार्यक्रमों में बदलाव कर तुरंत छिंदवाड़ा पहुंचने के निर्देश दिए हैं, जिससे राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की जा सके।
मुआवजे का ऐलान
राज्य सरकार ने हादसे में मृतकों के निकटम परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सभी घायलों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा।
भोपाल में कंट्रोल रूम सक्रिय
घटना के बाद भोपाल स्थित स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से घायलों के उपचार की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।