सीएम डॉ. मोहन यादव रामनवमी के पावन अवसर पर आज दिल्ली, रीवा और चित्रकूट के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले दिल्ली में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे। दिल्ली कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री प्रदेश के दौरे पर निकलेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम करीब 5 बजे सतना पहुंचकर एक विशेष आयोजन में शामिल होंगे। इसके बाद उनका काफिला रात 8 बजे चित्रकूट पहुंचेगा, जहां रामनवमी के अवसर पर आयोजित चित्रकूट गौरव दिवस के भव्य कार्यक्रम में वे शिरकत करेंगे।
चित्रकूट में इस अवसर पर मंदाकिनी नदी के तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। साथ ही श्रीराम प्राकट्य पर्व के उपलक्ष्य में लाखों दीपों से पूरे क्षेत्र को रोशन किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा पुरुषोत्तम राम के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर राम भक्तों और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।