देश में लोकतंत्र का सबसे बड़ा महापर्व लोकसभा चुनाव चल रहा है। दो चरणों की वोटिंग संपन्न हो गई है। वहीं लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्य प्रदेश में 7 मई को 9 सीटों पर मतदान होना है, इसके लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के दिग्गजों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
दिग्विजय सिंह पर वीडी शर्मा का तंज
वहीं इसी कड़ी में आज बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बीजेपी प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में राजगढ़ पहुंचे। यहां सभा को संबोधित करते हुए सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि, दिग्विजय का खुद को सनातनी बताना उनका सबसे बड़ा सफेद झूठ है। राजगढ़ की जनता इसका बदला लेगी।
क्या सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा था या नहीं मांगा था ?
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आगे कहा कि, जो रामलीला की प्राण प्रतिष्ठा का बहिष्कार करेगा,राम भक्तों पर गोली चलाने वालों का समर्थन करेगा उसको हर बूथ पर जवाब देना है। विष्णु दत्त शर्मा ने सवाल पूछते हुए कहा कि, दिग्विजय सिंह जवाब दो, क्या सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा था या नहीं मांगा था ? ये सैनिकों का अपमान है या नहीं है ? इस अपमान का बदला, सनातन धर्म के अपमान का बदला, राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अपमान का बदला केवल बातों से नहीं होगा। बल्कि एक-एक बूथ पर दिग्विजय सिंह जैसी विचारधारा को खत्म करके लेना होगा।
Comments (0)