देश के किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और खरीफ बुआई सीजन को सफल बनाने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की घोषणा की है, 15 दिवसीय यह अखिल भारतीय अभियान 29 मई से 12 जून तक चलेगा और इसका उद्देश्य किसानों को उन्नत तकनीक, जलवायु-अनुकूल बीज और कृषि योजनाओं के लाभों की जानकारी देना है।
क्या मिलेगा फायदा?
केंद्रीय कृषि मंत्री ने आगे बताया कि 29 मई से 12 जून तक चलने वाले इस अभियान में टीमें किसानों के बीच पहुंचेंगी। कृषि वैज्ञानिक और अधिकारी किसानों से संवाद रहेंगे। इन टीमों का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक, उर्वरकों के सही उपयोग, जलवायु-अनुकूल बीज किस्मों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना होगा। इसके लिए जिला स्तर पर प्रतिदिन तीन बैठकें आयोजित की जाएंगी। साथ ही कृषि मंत्री ने फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कृषि विस्तार सेवाओं में सुधार पर फोकस किया है। उन्होंने नई तकनीक और प्रयोगशालाओं में किए गए शोध कार्यों को खेतों तक समय सीमा में पहुंचाने पर जोर दिया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों से सीधे संवाद करने और उन्हें शिक्षित करने के लिए 29 मई से बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान शुरू करेंगी। उन्होंने सभी राज्य कृषि मंत्रियों से अभियान का नेतृत्व करने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए राज्य के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखने की भी बात कही।
Comments (0)