ग्वालियर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शीतला माता के दर्शन करके लौट रहे एक ही परिवार के पांच सदस्यों की कार और ऑटो की टक्कर में मौत हो गई।घटना थाठीपुर थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहे के पास हुई। ऑटो में चालक सहित कुल 9 लोग सवार थे।
एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत
तेज रफ्तार कार से हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।