इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार को एक अहम अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। यह कार्यक्रम लोकमाता अहिल्याबाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में आयोजित हुआ, जहां सीएम सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मिलकर इसे सुना।
‘मन की बात’ का 132वां संस्करण हुआ प्रसारित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 132वां संस्करण रविवार सुबह आकाशवाणी के माध्यम से प्रसारित हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश-विदेश की परिस्थितियों, सामाजिक मुद्दों और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।
पश्चिम एशिया हालात पर पीएम की चिंता
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में बने तनावपूर्ण हालातों का जिक्र करते हुए देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि देशहित में एक साथ खड़े होने का है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि कुछ लोग ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर अफवाहें फैलाकर देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी के बहकावे में न आएं और केवल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे देश ने पहले कई संकटों का सामना एकजुट होकर किया है, वैसे ही इस बार भी 140 करोड़ देशवासी मिलकर हर चुनौती को पार करेंगे।
‘मन की बात’ देश को जोड़ने वाला सशक्त मंच
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘मन की बात’ को देशवासियों से संवाद का एक प्रभावी और सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सकारात्मक विषयों को सामने लाकर पूरे देश को जोड़ने का कार्य करता है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस मंच के माध्यम से नवाचार, जनकल्याण और समाज में हो रहे सकारात्मक बदलावों को लोगों तक पहुंचाते हैं, जिससे समाज में प्रेरणा और जागरूकता बढ़ती है।
सौहार्द और एकजुटता का संदेश
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए देश में भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश मजबूत होता है। यह कार्यक्रम लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का काम करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देश के लिए एक बड़ी सौगात है, जो हर वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने एक साथ कार्यक्रम को सुना और प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात किया।