रायपुर के सदर बाजार ज्वेलरी शॉप में चोरी के आरोप के बीच कर्मचारी ने बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई का गंभीर आरोप लगाया, दोनों पक्षों की FIR दर्ज।
राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में चोरी के आरोप और कथित बर्बर मारपीट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जानकारी के मुताबिक दुकान के एक कर्मचारी पर ₹6.49 लाख के आभूषण चोरी करने का आरोप लगाया गया है। दुकान में लगे CCTV फुटेज में कर्मचारी को गहने जेब में रखते हुए देखा गया है। दुकान प्रबंधन का दावा है कि पूछताछ के दौरान कर्मचारी ने चोरी कबूल कर ली थी, जिसके बाद उसके परिजनों ने कथित रूप से गहने वापस भी कर दिए। हालांकि, मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब कर्मचारी ने खुद दुकान संचालकों पर गंभीर आरोप लगा दिए। कर्मचारी का कहना है कि उसे करीब 8 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और बेरहमी से पीटा गया। उसने आरोप लगाया कि उसके हाथ-पांव बांधकर मारपीट की गई, मुंह में मिर्ची डाली गई और कपड़े उतरवाकर प्रताड़ित किया गया। कर्मचारी ने यह भी दावा किया कि मारपीट के दौरान उसके दांत टूट गए और हाथ में गंभीर चोट आई है। साथ ही, आरोप है कि उसकी मां से जेवर मंगवाकर ही उसे छोड़ा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस पूरे मामले में कोतवाली थाने में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस अब CCTV फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
← Back to MP/CG News