मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजस्थान के पास बने चक्रवाती सिस्टम और कर्नाटक तक फैली ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश के कई इलाकों में बादल छा गए हैं।जबलपुर और शहडोल संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
28 मार्च के बाद नया सिस्टम, तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक 28 मार्च के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पूरे प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। इसके चलते तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अगले 24 घंटों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की आशंका
मध्य और उत्तर मध्यप्रदेश के भोपाल, ग्वालियर और सागर संभाग में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।
वहीं पूर्वी मध्यप्रदेश के रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग में अच्छी बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
इन इलाकों में बढ़ेगी गर्मी
प्रदेश के ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं इंदौर, भोपाल और उज्जैन में आंशिक बादल रहने से धूप की तीव्रता थोड़ी कम रहेगी, लेकिन उमस बढ़ सकती है। तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं और अचानक होने वाली बारिश से कटी हुई फसलों को नुकसान हो सकता है। ऐसे में किसानों को अपनी फसल को सुरक्षित स्थान पर ढंककर रखने की सलाह दी गई है।