मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया है कि लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की करीब 1.27 करोड़ बहनों के खातों में 12 जुलाई को सहायता राशि ट्रांसफर की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगस्त में रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को 250 रुपये की अतिरिक्त विशेष सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री बुधवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित कर रहे थे।
मध्यप्रदेश के नवाचार को जेएनयू ने अपनाया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने मध्यप्रदेश से प्रेरणा लेकर कुलपति को अब ‘कुलगुरु’ के रूप में संबोधित करने का निर्णय लिया है। यह मध्यप्रदेश सरकार के शैक्षणिक नवाचार की एक सराहनीय स्वीकृति है।
गुरु पूर्णिमा पर 10 जुलाई से होंगे दो दिवसीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा 10 जुलाई को है। इस दिन प्रदेश के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि, गुरुजन, साधु-संत और प्रबुद्ध नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही भोपाल के कमला नेहरू स्कूल परिसर में सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी किया जाएगा।
बीआरटीएस हटाने से सड़क हादसों में आई बड़ी गिरावट
डॉ मोहन यादव ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि जनवरी 2024 में बीआरटीएस हटाने के बाद राजधानी में 51% सड़क हादसों में और 70% मौतों में कमी आई है। यह जनहित में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन का सुखद परिणाम है।
12 जुलाई को होंगे निषादराज सम्मेलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि निषादराज जयंती 10 जुलाई को है, लेकिन पूरे प्रदेश में 12 जुलाई को निषादराज सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसमें मत्स्य पालन से जुड़े लोगों के कल्याण, पारिश्रमिक वृद्धि, बोनस वितरण और विश्राम हेतु जलाशयों के किनारे प्लेटफॉर्म्स की स्थापना जैसे मुद्दों पर कार्य किया जाएगा। भोपाल में 5 करोड़ की लागत से आधुनिक केवट प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना के लिए भी प्रयास जारी हैं।
विधानसभावार तैयार हों विज़न डॉक्यूमेंट
मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे विजन 2023 के तहत अपने जिलों की विधानसभाओं में भ्रमण कर शेष बचे क्षेत्रों के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करें। इन प्रस्तावित विकास कार्यों को बजट में शामिल कर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
लुधियाना में मिले 15,606 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
डॉ. मोहन यादव ने 7 जुलाई को लुधियाना में हुए उद्योग संवाद का जिक्र करते हुए बताया कि वहां 400 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। राज्य को 15,606 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे 20,275 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पंजाब के उद्योगपति मध्यप्रदेश से जुड़ने को उत्साहित हैं।
13 से 19 जुलाई के बीच दुबई और स्पेन दौरे पर रहेगा प्रतिनिधिमंडल
मुख्यमंत्री ने बताया कि 13 से 19 जुलाई तक मध्यप्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल दुबई और स्पेन की यात्रा पर रहेगा। इस दौरान व्यावसायिक बैठकें, वन-टू-वन मीटिंग्स, तकनीकी सहयोग और निवेश आकर्षण पर कार्य किया जाएगा। यह दौरा वैश्विक निवेश के लिए एक अहम कदम साबित होगा।
Comments (0)