Bhopal | एशियन गेम्स 2026 में महिला ट्रैप इंडिविजुअल इवेंट में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली मध्यप्रदेश की निशानेबाज नीरू ढांडा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बधाई दी है। नीरू ने इस स्पर्धा में भारत के लिए पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतकर खास उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीरू ढांडा की इस सफलता को देश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने नीरू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह इसी तरह देश और मध्यप्रदेश का नाम विश्व पटल पर रोशन करती रहें।

महिला ट्रैप इंडिविजुअल में जीता गोल्ड
नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स 2026 के महिला ट्रैप इंडिविजुअल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ वह एशियन गेम्स में इस स्पर्धा में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, नीरू ने फाइनल में 28 हिट के साथ एशियाई रिकॉर्ड भी कायम किया। इस उपलब्धि ने भारतीय शूटिंग में उनके नाम को एक नई पहचान दी है।
पहले टीम इवेंट में भी जीता था सिल्वर
नीरू ढांडा ने इससे पहले मनीषा कीर और आशिमा अहलावत के साथ महिला ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल भी जीता था। इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीतकर उन्होंने एशियन गेम्स 2026 में अपनी पदक उपलब्धि को और खास बना दिया।
मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी से जुड़ी हैं नीरू
नीरू ढांडा मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी से जुड़ी हैं। भोपाल स्थित मध्यप्रदेश स्टेट शूटिंग अकादमी में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक शूटिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं और नीरू अकादमी के प्रमुख शूटिंग खिलाड़ियों में शामिल हैं। नीरू की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मध्यप्रदेश में भी खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री की बधाई के साथ ही खेल जगत से जुड़े लोगों ने उनके प्रदर्शन की सराहना की है।