मुंबई - ‘बिग बॉस 20’ के घर में कंटेस्टेंट उदिति सिंह ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी एक अहम बात शेयर की है। हालिया एपिसोड में उन्होंने अपने एक्स बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते में आई परेशानियों और ब्रेकअप के बाद जिंदगी में आए बदलावों के बारे में खुलकर बात की। उदिति ने इस रिश्ते के खत्म होने को अपनी जिंदगी का महत्वपूर्ण मोड़ बताते हुए इसे ‘ब्लेसिंग इन डिस्गाइज’ यानी छिपे हुए फायदे वाला फैसला बताया।
लॉकडाउन में बढ़ गई थीं रिश्ते की परेशानियां
उदिति ने स्काउटऑप के साथ बातचीत के दौरान बताया कि लॉकडाउन के समय उनके और उनके एक्स पार्टनर के बीच कई मुद्दों को लेकर विवाद होने लगे थे। उन्होंने बताया कि उस दौरान दोनों ने नोआ नाम का एक गोल्डन रिट्रीवर डॉग भी गोद लिया था। उदिति के मुताबिक, पेट की देखभाल को लेकर भी दोनों के बीच मतभेद सामने आते थे। डॉग की जिम्मेदारियों को लेकर होने वाली बहस धीरे-धीरे रिश्ते में तनाव का कारण बनने लगी। इसके अलावा घर की सफाई और उसे व्यवस्थित रखने के तरीकों को लेकर भी दोनों की सोच अलग थी।
सफाई को लेकर भी अलग थी सोच
उदिति ने बताया कि रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े छोटे-छोटे मुद्दे भी उनके रिश्ते में बड़ी परेशानी पैदा करने लगे थे। उन्होंने कहा कि सफाई को लेकर उनके और उनके पार्टनर के तरीके बिल्कुल अलग थे। उनके अनुसार, लॉकडाउन के दौरान जब दोनों लंबे समय तक साथ रहे, तो ऐसी असहमतियां ज्यादा स्पष्ट होकर सामने आने लगीं। यही वजह थी कि रिश्ते में तनाव लगातार बढ़ता गया।
उम्र के अंतर का भी किया जिक्र
उदिति ने अपने रिश्ते में उम्र के अंतर को भी एक चुनौती के तौर पर बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके एक्स पार्टनर कई बार उन पर हावी होने की कोशिश करते थे। उदिति के मुताबिक, उन्हें कई मौकों पर यह सुनना पड़ता था कि वह कोई काम नहीं कर पाएंगी या उन्हें उसके बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि जिस समय उन्हें पार्टनर से प्रोत्साहन और सहयोग की जरूरत थी, उस वक्त उन्हें कई बार निराशा महसूस होती थी। उनके मुताबिक, रिश्ते में लगातार मिलने वाला ऐसा रवैया उनके आत्मविश्वास को प्रभावित करता था।
‘हर रिश्ता हर कोशिश के बाद भी नहीं बचता’
उदिति ने बातचीत में यह भी कहा कि किसी रिश्ते को बचाने के लिए कोशिश करना जरूरी है, लेकिन हर रिश्ता हमेशा कायम रहे, ऐसा जरूरी नहीं है। उन्होंने जिंदगी और रिश्तों को किस्मत से जोड़ते हुए कहा कि जब दो लोगों का साथ होना तय नहीं होता, तो परिस्थितियां धीरे-धीरे अलग रास्ते की ओर ले जाती हैं।
वहीं, सही समय और परिस्थितियां मिलने पर चीजें बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकती हैं। उदिति के मुताबिक, ब्रेकअप के बाद उनके करियर और निजी जिंदगी में भी कई बदलाव आए और अब वह उस दौर को अपनी जिंदगी के एक महत्वपूर्ण अनुभव के तौर पर देखती हैं।