Dewas | मध्य प्रदेश के देवास में नवरात्र महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा माता के नाम से पहचान रखने वाले देवास में इस बार नवरात्र के दौरान एक नई परंपरा की शुरुआत होने जा रही है। माता मूर्ति विसर्जन चल समारोह के दौरान माता टेकरी से निकलने वाली मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी की पालकी को सयाजी द्वार पर प्रशासन की ओर से पहली बार गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इस निर्णय को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। नवरात्र की तैयारियों को लेकर सोमवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जिसके बाद प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने पर सहमति जताई गई।
मां चामुंडा और तुलजा भवानी की पालकी को मिलेगा गार्ड ऑफ ऑनर
नवरात्र की व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित बैठक में विधायक गायत्रीराजे पवार ने कहा कि देवास की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी से जुड़ी है। उन्होंने सुझाव दिया कि नवरात्र के विसर्जन चल समारोह के दौरान माता टेकरी से निकलने वाली दोनों देवियों की पालकी को सयाजी द्वार पर प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाना चाहिए। विधायक के इस प्रस्ताव का बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने भी गार्ड ऑफ ऑनर के प्रस्ताव पर सहमति देते हुए इसे व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
नवरात्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर रहेगा फोकस
बैठक में नवरात्र के दौरान माता टेकरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्किंग के नाम पर श्रद्धालुओं के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए। पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में स्थापित होने वाले मां दुर्गा के पंडालों के आसपास नगर निगम द्वारा सुबह और शाम विशेष सफाई व्यवस्था करने को कहा गया है। आयोजन समितियों से भी सफाई व्यवस्था में सहयोग करने और पॉलिथीन व डिस्पोजेबल सामग्री के इस्तेमाल से बचने की अपील की गई है।
माता टेकरी के अन्य मंदिरों में ताला नहीं लगाने के निर्देश
बैठक में माता टेकरी के परिक्रमा मार्ग पर स्थित अन्य मंदिरों को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक गायत्रीराजे पवार ने कहा कि नवरात्र के दौरान हनुमानजी, कालिका माता, खो-खो माता सहित अन्य मंदिरों पर ताला लगाए जाने से श्रद्धालुओं में नाराजगी रहती है। इस बार नवरात्र महोत्सव के दौरान इन मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए खुला रखने को लेकर चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कुछ निर्णय लिए जाते हैं।
पोस्टर-बैनर में दोनों देवियों को सम्मान देने की अपील
नवरात्र के दौरान शहर में लगाए जाने वाले पोस्टर और बैनर को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। विधायक ने सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों से अपील की कि वे नियमों का पालन करते हुए पोस्टर-बैनर लगाएं। उन्होंने कहा कि पोस्टर और बैनर में मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के चित्रों को उचित सम्मान दिया जाना चाहिए। दोनों देवियों की तस्वीरें प्रमुख स्थान पर और अन्य नेताओं या संस्था प्रमुखों की तस्वीरें उनसे छोटी रखने की अपील की गई।
पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने की अपील
महापौर गीता अग्रवाल ने बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग और शंख द्वार-सीढ़ी मार्ग से माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ अस्थायी दुकानदारों द्वारा अभद्रता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भंडारों और माता टेकरी क्षेत्र में पॉलिथीन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की।
मुख्य मार्गों पर लाइव प्रसारण और मेडिकल व्यवस्था की तैयारी
सभापति रवि जैन ने सुझाव दिया कि मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन और पालकी से संबंधित कार्यक्रमों का मुख्य मार्गों पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण किया जाए। उन्होंने नवरात्र के दौरान दो से तीन एंबुलेंस के साथ डॉक्टरों की व्यवस्था करने, माता टेकरी क्षेत्र में भिक्षावृत्ति पर पूरी तरह रोक रखने और जुलूस मार्ग सहित टेकरी की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने का सुझाव दिया। विकास नगर से भोपाल चौराहे तक शहर की सजावट और बस स्टैंड से माता टेकरी जाने वाले सीधे मार्ग से अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में नवरात्र के नौ दिनों तक शहर में मांसाहार की दुकानें बंद रखने का सुझाव भी रखा गया।
कलेक्टर ने सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नवरात्र पर्व के दौरान अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने माता टेकरी परिसर में बैरिकेडिंग, पुलिस व्यवस्था, निगरानी के लिए कैमरे, पेयजल, पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पैदल दर्शनार्थियों के लिए अलग व्यवस्था, माता टेकरी परिसर में 24 घंटे प्रकाश व्यवस्था और शहर से टेकरी तक आने वाले प्रमुख मार्गों पर सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। रसूलपुर चौराहा, टाटा चौराहा, इंदिरा गांधी चौराहा और भोपाल चौराहे पर माइक एवं पीए सिस्टम के साथ पुलिस निगरानी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सड़कों पर खुले में मवेशी छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई करने और पांच हजार रुपये या उससे अधिक का जुर्माना लगाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
एबी रोड पर होगी विशेष सजावट
नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने निगम की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी दी। माता टेकरी पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। मुख्य मार्गों और पार्किंग स्थलों से अस्थायी अतिक्रमण हटाने, आवारा मवेशियों को पकड़कर गोशाला पहुंचाने और आवारा श्वानों को निर्धारित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
पार्किंग स्थलों पर डस्टबिन रखने के साथ कर्मचारियों को राउंड द क्लॉक सफाई व्यवस्था के लिए तैनात किया जाएगा। पार्किंग स्थलों पर प्रकाश, पानी और सूचना संकेतकों की व्यवस्था पुलिस के साथ समन्वय कर की जाएगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्ग एबी रोड पर विशेष सजावट की जाएगी। मुख्य मार्गों और चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पेयजल के लिए प्याऊ भी स्थापित किए जाएंगे।
प्रशासन ने शुरू की नवरात्र की व्यापक तैयारी
देवास में नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के माता टेकरी पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी की पालकी को पहली बार गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने की व्यवस्था नवरात्र महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।