Bhopal | मध्य प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर बुधवार को अहम बैठक होने जा रही है। पार्टी का प्रदेश कोर ग्रुप 30 सितंबर को भोपाल में बैठक करेगा। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, सह-प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर भी शामिल होंगे। तीनों पदाधिकारियों का दायित्व मिलने के बाद मध्य प्रदेश में यह पहला संगठनात्मक दौरा है।
पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी पर चर्चा
कोर ग्रुप की बैठक में आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, चुनावी तैयारियों और पार्टी की आगामी गतिविधियों को लेकर भी मंथन किया जाएगा। भाजपा पहले भी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर बैठकों में चर्चा कर चुकी है।
सत्ता और संगठन के बीच समन्वय पर भी फोकस
बैठक में मध्य प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी चर्चा होगी। सरकार के कामकाज, संगठन की गतिविधियों और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के बीच तालमेल को लेकर वरिष्ठ नेता अपनी बात रख सकते हैं। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह-प्रभारी रेखा वर्मा के साथ प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर की मौजूदगी से संगठनात्मक स्तर पर आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है।
अगले दिन होगी पदाधिकारियों की परिचय बैठक
30 सितंबर की कोर ग्रुप बैठक के बाद 1 अक्टूबर को भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचय बैठक भी प्रस्तावित है। इस दौरान नए प्रभारी, सह-प्रभारी और संगठन महामंत्री प्रदेश संगठन के नेताओं और पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। बिप्लब देब के मध्य प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला भोपाल दौरा है। ऐसे में उनकी प्रदेश संगठन के साथ होने वाली बैठकों को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।