महादेव सट्टा ऐप केस में ED की बड़ी कार्रवाई, 1700 करोड़ की देश-विदेश की संपत्तियां अटैच।
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1700 करोड़ रुपए की देश-विदेश में फैली संपत्तियों को अटैच किया है। इस कार्रवाई में दुबई और नई दिल्ली की 20 से ज्यादा अचल संपत्तियां ED के शिकंजे में आई हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, अटैच की गई संपत्तियों में बुर्ज खलीफा में स्थित लग्जरी प्रॉपर्टी, विला और हाई-एंड अपार्टमेंट शामिल हैं। ये सभी संपत्तियां महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगियों की बताई जा रही हैं। ED की जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए भारी मात्रा में अवैध कमाई की गई, जिसे हवाला और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से विदेशों में ट्रांसफर किया गया। इस पूरे नेटवर्क का संचालन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा था। एजेंसी ने देशभर में अब तक 175 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 74 से अधिक आरोपियों को चिन्हित किया गया है। ED अब इस अंतरराष्ट्रीय सट्टा नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में तेजी से कार्रवाई कर रही है और आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
← Back to MP/CG News