मध्यप्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं के करीब 23 लाख से अधिक विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। राज्य शिक्षा केन्द्र आज 25 मार्च को परीक्षा परिणाम जारी करेगा। छात्र सुबह 11:30 बजे से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें रोल नंबर या समग्र आईडी दर्ज करनी होगी।
इस बार परीक्षाएं पहली बार बोर्ड पैटर्न पर कराई गई थीं, जिससे छात्रों और अभिभावकों में परिणाम को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई है। वहीं, इस साल पेपर पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ा कठिन बताया जा रहा है, जिसके कारण रिजल्ट को लेकर और भी ज्यादा दिलचस्पी बनी हुई है।
सुबह 11:30 बजे से उपलब्ध होगा रिजल्ट
राज्य शिक्षा केन्द्र के अनुसार, परीक्षा परिणाम सुबह 11:30 बजे आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। छात्र, अभिभावक और शिक्षक आसानी से ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे।
बोर्ड पैटर्न पर हुई परीक्षाएं
इस वर्ष मध्यप्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं पहली बार बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं। ये परीक्षाएं 20 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित हुई थीं, जिनमें सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ पंजीकृत मदरसों के छात्र भी शामिल हुए थे।
आंकड़ों के मुताबिक, कक्षा 5वीं में 12 लाख 76 हजार से अधिक और कक्षा 8वीं में 10 लाख 92 हजार से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 23 लाख 68 हजार विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए।