मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। रीवा 3.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा जिला बना, जबकि भोपाल, राजगढ़ और पचमढ़ी समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे गिरा।
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ अब घने कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। रीवा 3.2 डिग्री के तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। कई बड़े शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे गिरा। राजधानी भोपाल समेत मालवा और निमाड़ के इलाकों में भी सर्दी तेज है। घने कोहरे के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने नए साल पर कड़ाके की ठंड और कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
बर्फीली हवाओं की चपेट में मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में ठंड ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीती रात प्रदेश के अधिकांश शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। रीवा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी भोपाल में पारा गिरकर 4.8 डिग्री पर आ गया, जिससे रातें बेहद ठंडी हो गई हैं। अन्य शहरों में भी ठंडी हवाओं ने तापमान में भारी गिरावट दर्ज की।
राजगढ़ और पचमढ़ी में भी बढ़ी ठिठुरन
रीवा के बाद राजगढ़ प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान 3.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रहा। इंदौर और ग्वालियर की तुलना करें तो ग्वालियर (6.2 डिग्री) इंदौर (6.6 डिग्री) से ज्यादा ठंडा रहा। मालवा के अन्य शहरों जैसे उज्जैन और रतलाम में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।प्रदेश के अन्य जिलों में भी ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। नौगांव में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री, उमरिया में 4.5 डिग्री और खजुराहो में 4.8 डिग्री दर्ज किया गया। मलाजखंड में पारा 5.1 डिग्री, रायसेन में 5.6 डिग्री, जबकि शिवपुरी और मंडला में 6 डिग्री रहा।
इन शहरों में भी लुढ़का पारा
दतिया: 6.3 डिग्री
दमोह: 6.8 डिग्री
सतना: 7.1 डिग्री
छिंदवाड़ा: 7.8 डिग्री
टीकमगढ़: 8 डिग्री
गुना, सीधी, श्योपुर: 8.2 डिग्री
बैतूल: 8.5 डिग्री
रतलाम: 8.6 डिग्री
सागर और खंडवा: 9 डिग्री
खरगोन: 9.2 डिग्री
धार: 9.5 डिग्री
सिवनी: 9.8 डिग्री
Comments (0)