मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से मध्यप्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है। शुक्रवार रात से शनिवार शाम तक रीवा, भिंड और दतिया जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं नर्मदापुरम में लू जैसे हालात बने। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को ग्वालियर समेत सात से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। शनिवार को कुछ जिलों में बारिश हुई, जबकि नर्मदापुरम, रतलाम और खंडवा में भीषण गर्मी रही। नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम 13.6 डिग्री रहा। खजुराहो, रतलाम, मंडला और खंडवा में अधिकतम तापमान 39 डिग्री से ऊपर रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, ईरान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, पश्चिम बंगाल से तमिलनाडु तक विस्तृत ट्रफ लाइन और ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड अंचल में इसका सबसे ज्यादा असर देखा जाएगा।
इन जिलों में बारिश की संभावना
ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है। राजधानी भोपाल समेत आसपास के जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वहीं इंदौर, उज्जैन और मालवा-निमाड़ में छिटपुट बूंदाबांदी और तेज हवाओं के आसार हैं।