मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि विभिन्न शासकीय विभागों में रिक्त पदों की भर्ती का कार्य तेज़ी से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर नियुक्तियाँ होने से विभागीय कार्यों में गति आती है और वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रियाओं को शुरू करने से भी पदों पर नियुक्ति की राह आसान हो रही है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को नवीन शासकीय भर्तियों की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
यह निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक के दौरान दिए। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की स्थिति की जानकारी ली और भर्ती प्रक्रिया की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई के लिए निर्देशित करें और उनसे पालन प्रतिवेदन भी प्राप्त किया जाए। यह कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता और आवश्यक समन्वय के साथ पूर्ण किया जाए।बैठक में अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विभाग संजय कुमार शुक्ल ने लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन मंडल और अन्य माध्यमों से हो रही नवीन शासकीय भर्तियों की स्थिति से अवगत कराया।
Comments (0)