रायपुर में फर्जी कॉल सेंटर के जरिए विदेशी नागरिकों से करोड़ों की ठगी, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई में 40 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार।
रायपुर। राजधानी रायपुर में क्राइम ब्रांच ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने 40 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अमेरिकी और यूरोपीय नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपए की ठगी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, फाफडीह इलाके में फाइनेंस कंपनी की आड़ में यह कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। आरोपी रात के समय कॉल सेंटर ऑपरेट करते थे और विदेशी नागरिकों को फोन कर उन्हें लोन, तकनीकी सहायता और रिफंड के नाम पर झांसा देते थे। जांच में खुलासा हुआ है कि शहर के गंज थाना क्षेत्र में एक और राजेंद्र नगर थाना इलाके में दो अलग-अलग स्थानों पर भी ऐसे ही ठगी के कॉल सेंटर संचालित हो रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 20 लैपटॉप, 50 डेस्कटॉप और करीब 50 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी गुजरात, बिहार और उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के निवासी हैं। इन्हें 15 से 20 हजार रुपए की सैलरी पर काम पर रखा गया था। ये लोग खुद को Amazon और Apple के कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बताकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाते थे। आरोपी इंटरनेट पर अपने फर्जी कस्टमर केयर नंबरों को गूगल सर्च में ऊपर दिखाते थे। जब विदेशी नागरिक किसी तकनीकी मदद या रिफंड के लिए इन नंबरों पर कॉल करते थे, तो गिरोह के डायलर कॉल रिसीव कर उन्हें अपने जाल में फंसा लेते थे। पुलिस के अनुसार, यह कॉल सेंटर पिछले करीब एक साल से संचालित हो रहा था और अब तक करोड़ों रुपए की ठगी की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है.
← Back to MP/CG News