छत्तीसगढ़ के सीनियर IPS रतन लाल डांगी पर बड़ी कार्रवाई हुई है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद राज्य सरकार ने कड़ा एक्शन लेते हुए निलंबित कर दिया है। इसका आदेश गृह (पुलिस) विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने जारी किया है। इस कार्रवाई से खलबली मच गई है। बता दें कि कुछ दिन पहले एसआई की पत्नी ने डांगी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। फिलहाल अब इस मामले की जांच जारी है।
पद के प्रभाव का दुरुपयोग
प्रारंभिक तौर पर यह पाया गया है कि IPS रतन लाल डांगी ने अपने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं किया और ऐसा व्यवहार किया जो नैतिकता और सेवा नियमों के खिलाफ है। उन पर पद के प्रभाव का दुरुपयोग करने और स्थापित सामाजिक मानकों का उल्लंघन करने के आरोप भी लगे हैं। आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया में आपत्तिजनक फोटो वायरल होने से पुलिस विभाग की छवि पर नकारात्मक असर पड़ा। इस आधार पर उनके खिलाफ अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। फिलहाल IPS रतन लाल डांगी को निलंबित कर विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बिना अनुमति नहीं छोड़ सकेंगे मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान रतन लाल डांगी का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। शासन की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है।