रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित फूड पार्क में रविवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में आकर आधा दर्जन से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस दौरान मौके पर रखे दो गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।