राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिलाओं ने ओडिशा की गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया था।
निःशुल्क इलाज का दिया झांसा
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी गर्भवती महिला को रायपुर लाकर गोगांव में एक महिला के घर पर ठहराया गया। आरोप है कि यहां तीनों महिलाओं ने नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। पीड़िता के इनकार करने पर उसे डराया-धमकाया गया।
प्रसव के बाद मां-बच्चे को बनाया बंधक
आरोप है कि 4 नवंबर को प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को घर में बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर करने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
तीन महिला आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के भी संकेत
मामले की शुरुआती पूछताछ में पुलिस को अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में भी आरोपियों की कथित संलिप्तता के संकेत मिले हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।