रायपुर: राजधानी रायपुर में पंडरी थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पिता के साथ गई एक वर्षीय बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया। खास बात यह रही कि बच्ची की बरामदगी वाले दिन ही उसका जन्मदिन था। इस मौके पर पुलिस ने थाने में केक काटकर मासूम का जन्मदिन भी मनाया।
7-8 महीने से पति से अलग रह रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते महिला पिछले 7 से 8 महीनों से अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान पति बच्ची को अपने साथ ले गया था। बच्ची को अपने पास रखने और वापस पाने के लिए महिला ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पंडरी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर बच्ची को उसके पिता से बरामद कर सकुशल मां के सुपुर्द कर दिया। बच्ची को वापस पाकर मां ने राहत की सांस ली।
थाने में मनाया मासूम का जन्मदिन
इस पूरे मामले का सबसे भावुक पहलू यह रहा कि जिस दिन पुलिस ने बच्ची को बरामद किया, उसी दिन उसका जन्मदिन भी था। ऐसे में पंडरी थाना पुलिस ने थाने में ही मां की मौजूदगी में केक काटकर बच्ची का जन्मदिन मनाया। पुलिसकर्मियों ने मासूम के साथ खुशियां साझा कीं।
मां के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बच्ची की सकुशल वापसी और जन्मदिन के इस खास आयोजन ने मां की खुशियां दोगुनी कर दीं। पंडरी थाना पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना हो रही है।