उत्तर भारत से बर्फीली हवाएं पूरे राज्य में चलने के कारण मध्यप्रदेश में फिर से ठंड का प्रकोप है। गुरुवार को इंदौर और अन्य शहरों में 34 से 36 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जो सामान्य से करीब चार गुना तेज थीं। फरवरी में पहली बार भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान में गिरावट का सिलसिला बना हुआ है।
इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। नौ शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आएगी।
हालांकि, 8 फरवरी से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है, जिससे धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा और दिन का तापमान सामान्य के करीब रहेगा।
बर्फीली हवाओं के कारण पूरे राज्य में तापमान में भारी गिरावट आई है। मध्य प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में दिन का तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट देखी गई।
Comments (0)