रायपुर के गुढियारी में विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े किए, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप के बीच पुलिस जांच जारी।
राजधानी रायपुर के गुढियारी थाना क्षेत्र स्थित आंबेडकर चौक के पास एक घर में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पिंकी गुप्ता के रूप में हुई है, जिसकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पति सुरेश गुप्ता की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। आरोप है कि पति ने पुलिस और डायल 112 को सूचना देने से पहले एंबुलेंस बुलवाई और कथित तौर पर क्राइम सीन को बदलने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस स्टाफ ने ही बाद में पुलिस को इस पूरे मामले की जानकारी दी। पति का दावा है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन इस दावे पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मृतका के परिजनों को सुबह करीब 4 बजे बनारस (यूपी) में फोन कर यह बताया गया कि पिंकी को पेट दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ समय बाद ही उसकी मौत की सूचना दे दी गई। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले 22 सालों से संतान नहीं होने की वजह से पिंकी को पति और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। वहीं, मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। फिलहाल गुढियारी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच, बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।
← Back to MP/CG News