1 अप्रैल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को झटका लगने वाला है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने टोल टैक्स में करीब 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का फैसला लिया है। इसका सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो जबलपुर से नागपुर, भोपाल, रायपुर और प्रयागराज के बीच यात्रा करते हैं। अब इन मार्गों पर टोल प्लाजा पर पहले से अधिक शुल्क देना होगा।
टोल प्लाजा पर बढ़ेगा खर्च
मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर के आसपास स्थित टोल प्लाजा पर कार चालकों को 5 से 10 रुपए तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है। वहीं, फास्टैग के जरिए मिलने वाले करीब 3000 रुपए के वार्षिक पास की कीमत में भी लगभग 75 रुपए तक की बढ़ोतरी संभव है। नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी।
नई दरें क्या होंगी
संशोधित दरों के अनुसार, नागपुर रोड स्थित बरगी टोल पर कार चालकों को 165 रुपए, प्रयागराज रोड के सिहोर टोल पर 130 रुपए, भोपाल रोड के शहपुर टोल पर 90 रुपए और रायपुर रोड के बरेल टोल पर 35 रुपए का भुगतान करना होगा।
कैसे तय होती हैं टोल दरें
टोल टैक्स की दरें थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर निर्धारित की जाती हैं। हर साल के अंत में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय इस सूचकांक की समीक्षा करता है और नई दरें तय करता है। इसके अलावा, सड़क की लंबाई और उपलब्ध सुविधाएं जैसे फ्लाईओवर, अंडरपास और सुरंग भी टोल दरों को प्रभावित करती हैं। जिन क्षेत्रों में ये सुविधाएं अधिक होती हैं, वहां टोल शुल्क भी ज्यादा होता है।