मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार को उज्जयिनी विक्रम व्यापार मेला 2026 का शुभारंभ उज्जैन इंजीनियरिंग कॉलेज ग्राउंड पर दीप प्रज्वलन कर किया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य की नगरी अवंतिका विकास के नए कीर्तिमान बना रही है। व्यापार ,व्यवसाय में बाबा श्री महाकाल की नगरी तेजी से प्रगति कर रही है। विक्रम व्यापार मेले का आयोजन तीसरी बार किया जा रहा है। व्यापार मेले से जिले और आस पास के क्षेत्र में आर्थिक प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि विक्रम व्यापार मेला वर्ष 2024 में 23,705 वाहनों की विक्री पर लगभग 122 करोड़ की छूट प्रदान की गई थी, वर्ष 2025 में 36,225 वाहनों की विक्री पर 187 करोड़ की छूट प्रदान की गई थी। इस वर्ष नगर निगम को अभी तक 4 करोड़ 10 लाख की आय हो गई है। इस वर्ष विक्रम व्यापार मेले में फोर व्हीलर के 139 स्टाल,2 व्हीलर के 36 स्टाल,कार डेकोरेशन ,सांची ,बैंक्स के स्टाल और अन्य उत्पादों के स्टॉल्स भी लगाए गए है।
बाबा महाकाल के सुलभता से श्रद्धालुओं हो रहे दर्शन
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व पर बाबा श्री महाकाल की भक्ति का सैलाब आया हुआ है। यहां 30 मिनट में ही बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु खुशी से वापस जा रहे है। उज्जैन में पहली बार श्री महाकाल वन मेला भी आयोजित किया गया है वहां पर वन उत्पाद , वैद्यों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में बाबा श्री महादेव के देव स्थानों पर साज सज्जा कर विक्रमोत्सव की शुरुआत की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने फोर व्हीलर गाड़ी की चाबी प्रदान की
कार्यक्रम में स्वागत भाषण महापौर मुकेश टटवाल ने दिया। उन्होंने विक्रम व्यापार मेला की शुरुआत करने पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा कि विगत वर्ष भी विक्रम व्यापार मेले से उज्जैन नगर निगम को करोड़ों का राजस्व मिला था। शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ग्राहक लोकेंद्र सिंह , जीतेश राठौर को फोर व्हीलर गाड़ी की चाबी प्रदान की।
Comments (0)