बिहार: बिहार के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले भोजन में अनियमितता का मामला सामने आया है। स्कूल में औचक निरीक्षण करने पहुंचीं जिलाधिकारी के सामने ही बच्चों ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही उजागर कर दी। बच्चों ने बताया कि उन्हें तय मेन्यू के अनुसार अंडे देने के बजाय बिस्कुट दिए जाते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने स्कूल के रजिस्टर और जरूरी दस्तावेज जब्त कर लिए। अब इस पूरे मामले की जांच की जाएगी। आखिर कौन हैं शिवहर की डीएम प्रतिभा रानी, जिनके सामने बच्चों ने अपनी परेशानी बताई? आइए जानते हैं।
बच्चों ने DM के सामने खोली स्कूल की पोल
यह मामला बिहार के शिवहर जिले के राजकीय मध्य विद्यालय कटसरी जागीर का है। यहां जिलाधिकारी प्रतिभा रानी अचानक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों से स्कूल में मिलने वाले मिड-डे मील के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि मेन्यू में अंडा मिलने का प्रावधान होने के बावजूद उन्हें इसकी जगह बिस्कुट दिए जाते हैं। बच्चों की बात सुनकर डीएम ने स्कूल प्रशासन से जुड़े रजिस्टर और जरूरी फाइलें जब्त कर लीं। साथ ही मामले की आगे जांच करने की बात कही।
कौन हैं शिवहर की DM प्रतिभा रानी?
प्रतिभा रानी 2018 बैच की IAS अधिकारी हैं और बिहार कैडर से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने 10 दिसंबर 2025 को शिवहर के जिलाधिकारी के रूप में अपना कार्यभार संभाला था। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। वह मूल रूप से झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली हैं।
BIT मेसरा से हासिल की BTech की डिग्री
प्रतिभा रानी ने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), मेसरा से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उन्होंने सिविल सेवा में जाने का फैसला किया और UPSC परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बनीं। इसके बाद उन्होंने बिहार में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालनी शुरू कीं।
भागलपुर और दरभंगा में भी कर चुकी हैं काम
शिवहर की जिलाधिकारी बनने से पहले प्रतिभा रानी भागलपुर और दरभंगा में उप विकास आयुक्त (DDC) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा वह स्वास्थ्य विभाग में प्रोजेक्ट डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। फिलहाल शिवहर में स्कूल के मिड-डे मील से जुड़ी अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद प्रशासन की आगे की जांच पर नजर रहेगी।