लंदन।ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 आयरलैंड के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक करीब 28 हजार फीट नीचे आ गई। इस दौरान विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को 7700 इमरजेंसी कोड एक्टिव कर आपात स्थिति का संकेत दिया। घटना के बाद फ्लाइट को शिकागो जाने के बजाय वापस लंदन की ओर मोड़ दिया गया।
आयरलैंड के ऊपर तेजी से नीचे आई फ्लाइट
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, ब्रिटिश एयरवेज की BA295 आयरलैंड के ऊपर उड़ान भर रही थी। इसी दौरान विमान कुछ ही मिनटों में अपनी ऊंचाई घटाकर करीब 9 हजार फीट तक आ गया। यानी विमान लगभग 28 हजार फीट नीचे आया।
इस दौरान विमान की ओर से 7700 इमरजेंसी कोड सक्रिय किया गया। यह कोड विमान में सामान्य आपात स्थिति होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को संकेत देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
7700 कोड से समस्या की वजह स्पष्ट नहीं होती
विमान द्वारा 7700 कोड सक्रिय किए जाने का मतलब यह है कि पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान में आपात स्थिति की जानकारी दी। हालांकि, इस कोड से यह पता नहीं चलता कि इमरजेंसी किस तरह की है या उसकी वजह क्या है।फिलहाल BA295 में इमरजेंसी की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।
शिकागो जाने के बजाय लंदन लौटा विमान
इमरजेंसी अलर्ट के बाद फ्लाइट को अपने निर्धारित गंतव्य शिकागो की ओर आगे ले जाने के बजाय वापस लंदन की ओर मोड़ दिया गया। घटना के दौरान विमान के अचानक नीचे आने और फिर रूट बदलने से फ्लाइट ट्रैकिंग पर नजर रखने वालों का ध्यान इस ओर गया।