इंडोनेशिया में शनिवार को कुछ ही घंटों के भीतर दूसरी बार तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरी सुमात्रा में 6.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। यह झटका कुछ घंटे पहले पूर्वी इंडोनेशिया के पास आए शक्तिशाली 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद आया, जिसमें कम से कम 38 लोगों की मौत की सूचना है।
नए भूकंप को लेकर अलग-अलग एजेंसियों के शुरुआती आंकड़ों में तीव्रता और गहराई में थोड़ा अंतर सामने आया है। GFZ ने इसे करीब 6.4 की तीव्रता और लगभग 158 किलोमीटर गहराई पर दर्ज किया, जबकि अन्य रिपोर्टों में 6.8 की तीव्रता बताई गई है।
पहले 7.7 तीव्रता के भूकंप ने मचाई तबाही
इससे पहले शनिवार सुबह फ्लोरेस क्षेत्र के तट के पास 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इस भूकंप से पूर्वी इंडोनेशिया के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ।अधिकारियों के अनुसार कम से कम 38 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। भूकंप के कारण बड़ी संख्या में इमारतों को नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ संरचनाएं ढह गईं। करीब 2,000 लोगों को अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
सुनामी की चेतावनी बाद में ली गई वापस
7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद इंडोनेशियाई अधिकारियों ने कुछ क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी। हालांकि बाद में इसे वापस ले लिया गया। रिपोर्टों के अनुसार कुछ स्थानों पर एक मीटर से कम ऊंची समुद्री लहरें दर्ज की गईं।इससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
भूकंप के बाद लैंडस्लाइड और बिजली गुल
शक्तिशाली भूकंप के बाद कई इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आईं। बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ कुछ क्षेत्रों में संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई।भूस्खलन के कारण सड़कें बंद होने से राहत और बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। खासतौर पर भूकंप के केंद्र के करीब स्थित नागेकेओ क्षेत्र तक पहुंचने में बाधाएं आईं।
राहत और बचाव अभियान जारी
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं। क्षतिग्रस्त इमारतों और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और संचार व्यवस्था को बहाल करने की कोशिश भी जारी है। अधिकारियों की ओर से नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और मृतकों एवं घायलों की संख्या में बदलाव संभव है।