भोपाल: राजधानी भोपाल में आज संगीत प्रेमियों के लिए खास शाम होने जा रही है। मशहूर संगीतकार और गायक ए.आर. रहमान 23 मई को BHEL दशहरा मैदान में लाइव परफॉर्मेंस देने जा रहे हैं। कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होगा, जिसे लेकर शहरभर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
भेल दशहरा मैदान में भव्य आयोजन
आयोजकों के मुताबिक कॉन्सर्ट के लिए भेल दशहरा मैदान में हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही यहां एक भव्य स्टेज और हाईटेक सेट तैयार किया गया है। कार्यक्रम में एंट्री के लिए फ्री पास की व्यवस्था की गई है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
राम चरण और जाह्नवी कपूर भी होंगे शामिल
बताया जा रहा है कि इस लाइव कॉन्सर्ट में अभिनेता राम चरण और अभिनेत्री जाह्नवी कपूर भी मौजूद रहेंगे। तीनों सितारों की मौजूदगी ने फैंस के उत्साह को और बढ़ा दिया है।
फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रमोशन से जुड़ा इवेंट
यह कार्यक्रम आगामी पैन इंडिया फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रमोशन का हिस्सा माना जा रहा है। फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू ने किया है, जबकि इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है।
जाह्नवी कपूर की दूसरी तेलुगु फिल्म
‘पेद्दी’ जाह्नवी कपूर की दूसरी तेलुगु फिल्म है। इससे पहले उन्होंने साल 2024 में फिल्म ‘देवरा’ से तेलुगु सिनेमा में डेब्यू किया था। हाल ही में मुंबई के बीकेसी में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट भी आयोजित किया गया था, जिसमें पूरी स्टारकास्ट शामिल हुई थी।