बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक बाघ की मृत्यु के बाद वन विभाग ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उसके शव का परीक्षण कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब बाघ के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
NTCA अधिकारियों की मौजूदगी में होगा परीक्षण
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर National Tiger Conservation Authority (NTCA) के क्षेत्रीय कार्यालय नागपुर के एआईजी की मौजूदगी में तीन विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम दोबारा परीक्षण करेगी। इस टीम में डॉ. निधि राजपूत (SWFH जबलपुर), डॉ. अभय सांगेर (मुकुंदपुर) और डॉ. प्रशांत देशमुख (WCT) शामिल हैं।
जबलपुर में सुरक्षित रखा गया बाघ का शव
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) और NTCA दिल्ली के निर्देशानुसार बाघ के शव को सुरक्षित रूप से SWFH जबलपुर पहुंचाया गया है। शव को डीप फ्रीजर में संरक्षित रखा गया है ताकि दोबारा पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी की जा सके।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरा मामला
पूरे घटनाक्रम पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक लगातार नजर बनाए हुए हैं। वे प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख के साथ निरंतर संपर्क में हैं। वन विभाग का कहना है कि बाघ की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।