भोपाल में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां IPS अधिकारी संजीव कुमार कंचन की नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। किशोरी का शव चार इमली स्थित सरकारी आवास के सेकंड फ्लोर पर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। वह 11वीं कक्षा की छात्रा थी और घटना के समय घर में अकेली मौजूद थी।
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
मामले की जांच कर रही हबीबगंज पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। थाना प्रभारी संजीव चौकसे के मुताबिक घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। घर के नौकर ने किशोरी को फंदे पर लटका देखा और तुरंत इसकी जानकारी परिवार तथा पुलिस को दी।
PHQ में पदस्थ हैं IPS अधिकारी
जानकारी के अनुसार संजीव कुमार कंचन भोपाल पुलिस मुख्यालय (PHQ) में AIG पद पर पदस्थ हैं। वे अपने परिवार के साथ चार इमली स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। उनकी पत्नी भोपाल कोर्ट में जज हैं और परिवार में एक बेटा भी है।
कुछ दिन पहले मनाया गया था जन्मदिन
बताया जा रहा है कि किशोरी का 17वां जन्मदिन कुछ दिन पहले ही परिवार ने मनाया था। घटना के वक्त उनकी मां कोर्ट में थीं, जबकि भाई घर से बाहर था। दोपहर करीब 2 बजे नौकर ने शव देखा और तत्काल सूचना दी।
मोबाइल और करीबी लोगों से पूछताछ
पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। किशोरी के मोबाइल की जांच की जा रही है और उसके करीबी दोस्तों व घर में काम करने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।