भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक विवादों में घिर गई। जिला कार्यकारिणी गठन के अधिकार को लेकर कई जिला अध्यक्षों ने खुलकर नाराजगी जताई। बैठक के दौरान दो कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पूरे घटनाक्रम पर बीजेपी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है।
जिला कार्यकारिणी गठन पर उठे सवाल
भोपाल में हुई यूथ कांग्रेस की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में जिला कार्यकारिणी गठन को लेकर चर्चा के दौरान कई जिला अध्यक्षों ने संगठन की नई व्यवस्था पर आपत्ति जताई।
'हम चुनाव जीतकर आए हैं, टीम बनाने का अधिकार मिलना चाहिए'
मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने बैठक में कहा कि सभी जिला अध्यक्ष चुनाव जीतकर आए हैं, लेकिन उन्हें अपनी कार्यकारिणी बनाने की अनुमति नहीं दी जा रही। उनका कहना था कि प्रदेश और दिल्ली स्तर से पदाधिकारियों के नाम तय किए जा रहे हैं, जिससे जिला अध्यक्षों के अधिकार सीमित हो रहे हैं। सौरभ शर्मा की बात का समर्थन ग्वालियर के विजय यादव, जबलपुर ग्रामीण के राजा श्रीवास्तव समेत कई जिला अध्यक्षों ने किया। उनका कहना था कि पहले जिला अध्यक्षों को अपनी टीम बनाने का अधिकार होता था, लेकिन अब यह व्यवस्था बदल दी गई है।
बैठक के दौरान दो कार्यकर्ता आपस में भिड़े
बैठक के दौरान संगठन के एप पर रिपोर्टिंग को लेकर दो कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो गई। एक पदाधिकारी द्वारा रिपोर्टिंग नहीं होने की बात कहने पर दूसरे कार्यकर्ता ने एप की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बैठक में हुए विवाद का वीडियो साझा करते हुए बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी संगठनात्मक बैठक तक नहीं संभाल पा रही है और बैठक में चर्चा से ज्यादा हंगामा देखने को मिला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में संगठन से ज्यादा अंतर्कलह हावी है, जबकि बीजेपी विकास और सुशासन के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।