प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर मध्य प्रदेश भाजपा बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ थीम पर चलने वाला यह अभियान 5 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में आयोजित किया जाएगा। भाजपा इस दौरान समाज के प्रबुद्ध वर्ग, व्यापारियों, किसानों और युवाओं तक पहुंच बनाकर मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाएगी। पार्टी ने इसके लिए सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं।
हर जिले में 500 प्रबुद्ध लोगों से संपर्क
अभियान का सबसे अहम हिस्सा ‘ओपिनियन मेकर्स’ तक पहुंच बनाना होगा। भाजपा ने तय किया है कि हर जिले में कम से कम 500 प्रबुद्ध लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा। सांसद अपनी लोकसभा की हर विधानसभा में और विधायक अपने क्षेत्र के प्रत्येक मंडल में जाकर एक दिन बिताएंगे। इस दौरान मोदी सरकार के 12 साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा जाएगा।
पदाधिकारी भी करेंगे जनसंपर्क
राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को भी अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों से मुलाकात करनी होगी। भाजपा का फोकस इस बार सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रमों पर नहीं बल्कि सामाजिक और जनजागरूकता अभियानों पर भी रहेगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भी चलेगा
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर भाजपा प्रदेशभर में पौधरोपण अभियान चलाएगी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के तहत हर मंडल में बड़े स्तर पर पौधे लगाए जाएंगे। स्कूल, कॉलेज और सामाजिक संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा ‘प्रगति पथ यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ के जरिए जनता के बीच पहुंच बनाई जाएगी।
21 जून को योग दिवस पर होगा समापन
अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होगा। भाजपा प्रत्येक मंडल में योग कार्यक्रम आयोजित करेगी। जहां संभव होगा, वहां एक सप्ताह के योग प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे।
जिलों में लगेंगी प्रदर्शनी और सम्मेलन
15 से 18 जून के बीच हर जिले में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित 3 दिवसीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें चित्रकला प्रतियोगिता, वॉक्स पॉप वीडियो और लाभार्थियों के अनुभव साझा कराने जैसे कार्यक्रम भी होंगे। साथ ही व्यापारियों और प्रबुद्धजन के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ने की तैयारी है।
किसानों के लिए प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं
19 और 20 जून को भाजपा किसानों के लिए प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित करेगी। इसमें विशेषज्ञ किसानों को प्राकृतिक खेती के फायदे और तकनीकों की जानकारी देंगे।