सीएम डॉ. मोहन यादव आज मंत्रालय में विभागीय समीक्षा की मैराथन बैठकें लेने वाले हैं। मुख्यमंत्री एक ही दिन में छह अहम विभागों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर 1:45 बजे तक स्कूल शिक्षा, परिवहन और सहकारिता विभाग की बैठकें होंगी। प्रत्येक विभाग के लिए 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक जनजातीय कार्य, पशुपालन और लोक निर्माण विभाग (PWD) की समीक्षा की जाएगी। इन बैठकों में विभागीय योजनाओं, प्रगति और लंबित मामलों पर चर्चा होगी।
भोपाल पहुंचीं स्वच्छता सर्वेक्षण की टीमें
भोपाल में स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्र सरकार की स्वच्छता सर्वेक्षण टीमों ने भोपाल पहुंचकर ग्राउंड सर्वे शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक सर्वे की शुरुआत बैरसिया क्षेत्र से हो सकती है। टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण करेंगी। सर्वे के दौरान आम नागरिकों से भी फीडबैक लिया जाएगा, जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों की राय दर्ज की जाएगी।
चंबल में अवैध खनन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
सुप्रीम कोर्ट ने चंबल क्षेत्र में अवैध खनन मामले में सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने राज्य सरकार और National Highways Authority of India (NHAI) से तीखे सवाल पूछे हैं। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि केवल ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को पकड़ने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि खनन के पीछे शामिल बड़े लोगों पर कार्रवाई जरूरी है। कोर्ट ने यह भी पूछा कि मुरैना बॉर्डर के पास हाईवे के बेहद करीब अवैध खनन कैसे हो रहा है। मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है और अदालत 26 मई को अपना विस्तृत फैसला सुनाएगी।