भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का शुभारंभ किया। इसके बाद वे हाथ में तिरंगा लेकर बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे और तिरंगा यात्रा की विधिवत शुरुआत की। यात्रा में मंत्री, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य, व्यापारी और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने बुलेट से किया तिरंगा यात्रा का नेतृत्व
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री निवास से तिरंगा लेकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर टीटी नगर स्टेडियम के लिए रवाना हुए। स्टेडियम पहुंचने के बाद उन्होंने तिरंगा यात्रा के शुभारंभ की घोषणा की। इसके बाद उनके नेतृत्व में तिरंगा यात्रा शुरू हुई। यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित पार्टी के कई नेता भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में मंत्री और जनप्रतिनिधि भी यात्रा में मौजूद रहे।
बारिश के बीच हाथों में तिरंगा लेकर निकले बच्चे
तिरंगा यात्रा में भोपाल के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे पहुंचे। बारिश के बावजूद बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। कई बच्चे अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में भी पहुंचे। डोरेमोन और मोटू-पतलू की ड्रेस में पहुंचे बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे।
इन रास्तों से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से शुरू होकर महाराणा प्रताप लोक, टीन शेड और संदीपनी विद्यालय टीटी नगर पहुंची। यहां से मुख्यमंत्री फिर मोटरसाइकिल पर तिरंगा लेकर रवाना हुए। यात्रा न्यू मार्केट, रोशनपुरा और पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए मुख्यमंत्री निवास पहुंची। मार्ग में अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति की ओर से स्कूली बच्चों ने बैंड पर देशभक्ति की धुनें भी प्रस्तुत कीं।
CM बोले- बारिश ने तिरंगा यात्रा का आनंद दोगुना किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन से देश में आजादी का निर्णायक संघर्ष शुरू हुआ था। क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना हर राष्ट्रभक्त नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में तिरंगा अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 14 अगस्त तक गांव, शहर, जिला, संभाग और राजधानी स्तर पर चलेगा। मुख्यमंत्री ने बारिश के बीच यात्रा में शामिल हुए लोगों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बारिश ने तिरंगा यात्रा का आनंद दोगुना कर दिया।
CM ने PM मोदी को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने अपनी लोकतांत्रिक ताकत और सामर्थ्य का एहसास करा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी संस्कृति, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘जियो और जीने दो’ के विचार के साथ आगे बढ़ते हुए दुनिया का नंबर वन देश बनने की दिशा में काम करना चाहिए।