भोपाल: Cockroach Janata Party ने अब मध्य प्रदेश में भी अपनी सक्रियता शुरू कर दी है। भोपाल में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा कार्यकर्ता मयंक ने पार्टी के बैनर तले प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान NEET पेपर लीक, नर्सिंग घोटाले और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी से प्रभावित छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहीं।
‘यह सिर्फ पार्टी नहीं, युवा आंदोलन’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मयंक ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि Gen-Z की सोच और प्राथमिकताओं पर आधारित युवा आंदोलन है। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति या दल के खिलाफ मंच नहीं, बल्कि उस “शिथिल सिस्टम” के खिलाफ आवाज है, जिसने युवाओं का भरोसा तोड़ा है।
‘युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश’
मयंक ने आरोप लगाया कि जब युवा पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर सवाल उठाते हैं, तो उनकी आवाज दबाने और सोशल मीडिया अकाउंट्स तक बैन करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी संस्थान अपनी नैतिक जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।
जल्द बनेगी एमपी कोर कमेटी
मयंक ने बताया कि मध्य प्रदेश में पार्टी की कोर कमेटी जल्द घोषित की जाएगी। विदेशी फॉलोअर्स और पाकिस्तानी अकाउंट्स से जुड़े आरोपों को उन्होंने “सरकारी दुष्प्रचार” बताया। उनका कहना था कि पार्टी संस्थापक Abhijeet Deepke के मार्गदर्शन में प्रदेश में अभियान शुरू किया गया है।
पार्टी जॉइन करने की 4 शर्तें
कॉकरोच जनता पार्टी ने सदस्यता के लिए चार योग्यताएं तय की हैं— बेरोजगार होना, आलसी होना, हमेशा ऑनलाइन रहना और प्रोफेशनल तरीके से भड़ास निकालने की क्षमता होना।
मैनिफेस्टो में किए 5 बड़े वादे
पार्टी ने अपने मैनिफेस्टो में कई बड़े वादे किए हैं। इसमें रिटायर्ड चीफ जस्टिस को राज्यसभा भेजने की परंपरा खत्म करना, महिलाओं को 50% आरक्षण देना, दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक और बड़े मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द करने जैसे वादे शामिल हैं।