दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में एक पुराने मकान की खुदाई के दौरान कथित खजाना मिलने की खबर ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला अब विवादों में घिर गया है, क्योंकि मजदूरों का दावा है कि खुदाई में करीब 30 से 35 किलो चांदी के सिक्के और रॉड मिले, जबकि मकान मालिक केवल 42 चांदी के सिक्के मिलने की बात कह रहे हैं।
यह मामला शहर के फुटेरा वार्ड का है, जहां स्कूल शिक्षक आलोक सोनी अपने पैतृक मकान को तुड़वाकर नया मकान बनवा रहे हैं।
मकान मालिक पहुंचे थाने
रविवार को शिक्षक आलोक सोनी पुलिस थाने पहुंचे और उन्होंने जानकारी दी कि मकान की खुदाई के दौरान 42 चांदी के सिक्के मिले हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी, तभी वहां मजदूरी करने वाले कुछ मजदूर भी पहुंच गए और उन्होंने अलग ही कहानी बताई।
मजदूरों का बड़ा दावा
मजदूर के अनुसार, खुदाई के दौरान पहले एक खाली घड़ा मिला। इसके बाद थोड़ा और खोदने पर एक बड़ा मटका मिला, जिसमें चांदी के सिक्के और चांदी की रॉड रखी हुई थी। मजदूरों का दावा है कि उसका वजन करीब 30 से 35 किलो था।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि खजाना मिलने के बाद मकान मालिक ने उन्हें डराया-धमकाया और परिजनों के साथ मिलकर सारा सामान बाल्टी में भरकर अलग रख लिया। बाद में मजदूरों को 500-500 रुपए देकर घर भेज दिया गया।गांव पहुंचकर मजदूरों ने यह बात लोगों को बताई, जिसके बाद उन्हें पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
दो मकान सील, जांच में जुटा प्रशासन
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और भारतीय पुरातत्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान 42 चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। साथ ही दो मकानों को सील कर दिया गया है।
करीब 35 किलो चांदी मिलने की चर्चा के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई। हालांकि पुलिस को अब तक बड़ी मात्रा में चांदी बरामद नहीं हुई है और जांच जारी है।
मकान मालिक ने आरोपों को बताया साजिश
स्कूल शिक्षक आलोक सोनी का कहना है कि खुदाई में केवल 42 सिक्के मिले थे, जिसकी सूचना उन्होंने खुद पुलिस को दी थी। उनके मुताबिक मजदूरों द्वारा बड़ी मात्रा में चांदी मिलने का दावा पूरी तरह साजिश है।