देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही गर्म और शुष्क हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों को प्रभावित कर रही हैं।
8 राज्यों के 16 शहरों में पारा 46°C के पार
इसके कारण मई के अंत में जून जैसी भीषण गर्मी का एहसास होने लगा है। बुधवार को उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के 16 शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
यूपी का बांदा सबसे गर्म, पारा 48°C के पार
उत्तरप्रदेश का बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्यप्रदेश के खजुराहो में 47.4 डिग्री और महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। दिल्ली में भी पारा 46.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
हरियाणा में स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां घोषित
हरियाणा सरकार ने 25 मई से 30 जून तक सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। आमतौर पर राज्य में स्कूल 1 जून से 30 जून के बीच बंद रहते हैं, लेकिन इस बार भीषण गर्मी को देखते हुए पहले ही छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।