मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार जारी है और अगले 3 दिनों तक लोगों को राहत मिलने की संभावना नहीं है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है और कई इलाकों में तेज गर्म हवाओं के साथ लू का प्रभाव देखा जा रहा है।
नौगांव और खजुराहो में सबसे ज्यादा गर्मी, पारा 46 डिग्री तक पहुंचा
नौगांव और खजुराहो में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
खजुराहो, नौगांव: 46 डिग्री
रीवा, सतना: 44.4 डिग्री
मंडला, मलाजखंड: 44.2 डिग्री
दतिया, दमोह, टीकमगढ़, उमरिया: 44 डिग्री
जबलपुर: 43.8 डिग्री
भोपाल: 42 डिग्री
इंदौर: 40.4 डिग्री
उज्जैन: 41.5 डिग्री
ग्वालियर: 43.3 डिग्री
सागर: 43 डिग्री
नर्मदापुरम: 40.4 डिग्री
कई जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के कई जिलों में लू और तीव्र लू को लेकर चेतावनी जारी की है। पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, सतना, कटनी, दमोह और सागर सहित कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है।