भोपाल। रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा क्षेत्र से भारतीय आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देश की प्रतिष्ठित नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (NLIU), भोपाल में एलएलएम (LLM) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। विधायक डोडियार ने CLAT PG परीक्षा उत्तीर्ण कर LLM in Constitutional & Administrative Law (संविधान एवं प्रशासनिक विधि) में एडमिशन लिया है। यह पाठ्यक्रम एक वर्षीय मास्टर डिग्री प्रोग्राम है और देश के सबसे प्रतिष्ठित विधि पाठ्यक्रमों में गिना जाता है।
विधायकी के साथ उच्च शिक्षा का संकल्प
राजनीतिक और शैक्षणिक दृष्टि से यह उपलब्धि विशेष मानी जा रही है। आमतौर पर सक्रिय राजनीति में रहने वाले जनप्रतिनिधि उच्च शिक्षा से दूरी बना लेते हैं, लेकिन विधायक डोडियार ने विधायकी के साथ-साथ शिक्षा और रिसर्च को प्राथमिकता देकर एक नया उदाहरण पेश किया है।
इस कदम से युवाओं को यह संदेश मिला है कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए भी पढ़ाई और बौद्धिक विकास को जारी रखा जा सकता है।
भोपाल में रहकर करेंगे पढ़ाई और रिसर्च
विधायक डोडियार ने बताया कि यह सफलता उन्हें जनता के आशीर्वाद और निरंतर मेहनत से मिली है। उन्होंने कहा कि अब वे संविधान और प्रशासनिक कानून के क्षेत्र में गहन रिसर्च करेंगे, जिससे विधायी कार्यों में भी उन्हें लाभ मिलेगा।
भोपाल में केरवा डेम क्षेत्र के आसपास उनका नया ठिकाना रहेगा, जहां से वे पढ़ाई और विधानसभा की जिम्मेदारियों का संतुलन बनाएंगे।
राजनैतिक रूप से अहम फैसला
राजधानी भोपाल में रहकर पढ़ाई करने का फैसला राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। इससे विधानसभा सत्रों, विभागीय बैठकों और शासन स्तर के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे सैलाना क्षेत्र से जुड़े सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और आदिवासी विकास के प्रस्तावों को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। राजधानी में वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों से सीधा संवाद क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को आसान बनाएगा।
क्या है CLAT PG परीक्षा?
CLAT PG (Common Law Admission Test – Post Graduate) देश की राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है, जिसके जरिए नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में LLM पाठ्यक्रमों में दाखिला मिलता है। यह परीक्षा द्वारा आयोजित की जाती है। परीक्षा में संवैधानिक कानून, प्रशासनिक कानून, न्यायशास्त्र, आपराधिक कानून, संविदा कानून सहित अन्य विधि विषयों से प्रश्न पूछे जाते हैं। विधायक डोडियार का अच्छे स्कोर के साथ NLIU भोपाल की टॉप ब्रांच में चयन उनकी शैक्षणिक क्षमता को दर्शाता है।
आदिवासी युवाओं के लिए प्रेरणा बनें विधायक
सैलाना क्षेत्र में विधायक की इस उपलब्धि को लेकर समर्थकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों में उत्साह है। कई लोगों ने इसे “शिक्षा और जनसेवा का अनूठा संगम” बताते हुए युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।