भोजपुरी फिल्मों और टीवी की मशहूर अभिनेत्री मोनालिसा (अंतरा बिस्वास) गुरुवार तड़के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
तड़के 3 बजे पहुंचीं मंदिर
जानकारी के अनुसार मोनालिसा सुबह करीब 3 बजे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती का दर्शन किया। इस दौरान वह पूरी तरह भक्ति भाव में लीन नजर आईं।
नंदी के कान में कही मनोकामना
भस्म आरती के बाद मोनालिसा ने नंदी जी का पूजन और अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके पश्चात उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से उनका स्वागत और सत्कार भी किया गया।
भोजपुरी सिनेमा से टीवी तक का सफर
मोनालिसा भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्हें लोकप्रियता टीवी शो बिग बॉस 10 से मिली, जिसके बाद उन्होंने कई हिंदी टीवी सीरियल्स में भी काम किया। उन्होंने नज़र और नमक इश्क का जैसे धारावाहिकों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
200 से अधिक फिल्मों में काम
मोनालिसा ने भोजपुरी, हिंदी, बंगाली, ओड़िया, तमिल, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने अब तक 200 से अधिक भोजपुरी फिल्मों में काम किया है और पवन सिंह, दिनेश लाल यादव (निरहुआ) और खेसारी लाल यादव जैसे बड़े कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा की है।
महाकालेश्वर मंदिर में मोनालिसा की यह धार्मिक यात्रा उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। भस्म आरती में उनकी मौजूदगी और भक्ति भाव ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।