भोपाल। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। प्रमुख सचिव पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग उमाकांत उमराव और ग्वालियर आईजी अरविंद कुमार सक्सेना शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए हैं। इनके रिटायरमेंट के बाद राज्य सरकार जल्द ही नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी कर सकती है।
उमाकांत उमराव के बाद पशुपालन विभाग में नई नियुक्ति की तैयारी
प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव के पास पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग की जिम्मेदारी है। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह विभाग मंत्री लखन पटेल से वापस लेकर अपने पास रखा था। ऐसे में अब इस विभाग की जिम्मेदारी किसी प्रमुख सचिव या अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी को सौंपी जा सकती है।
अगस्त में तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी होंगे रिटायर
अगस्त महीने के अंत में पुलिस विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे। इनमें डीजी अजय कुमार शर्मा (1989 बैच), डीजी आशुतोष राय (1994 बैच) और एडीजी ए. साईं मनोहर (1995 बैच) शामिल हैं। इनके अलावा सागर आईजी मिथलेश शुक्ला भी अगस्त में रिटायर होंगे।
ग्वालियर IG अरविंद सक्सेना और IPS शशिकांत शुक्ला भी रिटायर
ग्वालियर आईजी अरविंद कुमार सक्सेना के साथ आईपीएस अधिकारी शशिकांत शुक्ला भी शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए हैं। वहीं आईपीएस अधिकारी सोनाली मिश्रा अक्टूबर में रिटायर होंगी।
इस साल कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों की होगी विदाई
मध्य प्रदेश में इस साल कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी रिटायर होने वाले हैं। इनमें आशीष श्रीवास्तव (केंद्रीय गृह मंत्रालय) अक्टूबर, अरुणा गुप्ता (सचिव, लोकायुक्त) अक्टूबर, सुरेश कुमार (चंबल संभाग आयुक्त) सितंबर, ललित दाहिमा (सचिव, राजस्व मंडल) दिसंबर और अन्य अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा चंद्रशेखर वालिम्बे, रवींद्र चौधरी, संजय कुमार मिश्रा नवंबर में और केदार सिंह नवंबर में सेवानिवृत्त होंगे। जीएस धुर्वे अगस्त में रिटायर होंगे।
रिटायरमेंट के बाद नई पदस्थापनाओं पर नजर
वरिष्ठ अधिकारियों के रिटायर होने के बाद राज्य सरकार को कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां करनी होंगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकते हैं।